Haryana News : दुल्हन बनने जा रही भारतीय महिला हॉकी स्टार नेहा गोयल, 11 की उम्र में पकड़ी थी हाॅकी स्टिक 

हरियाणा के सोनीपत निवासी भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी और ओलंपियन नेहा गोयल जल्द दुल्हन बनने जा रही है।
 

Haryana News : हरियाणा के सोनीपत निवासी भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी और ओलंपियन नेहा गोयल जल्द दुल्हन बनने जा रही है। नेहा करनाल निवासी सुनील संग सात फेरे लेंगी। सिर्फ नेहा हो नहीं बल्कि सुनील भी हॉकी खिलाड़ी है। सुनील खेल कोटे से ऑडिट विभाग में कार्यरत है।

11 की उम्र में शुरु किया हॉकी खेलना 
नेहा गोयल ने 11 साल की उम्र में हॉकी स्टिक पकड़ी थी। नेहा ने भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान एवं प्रशिक्षक प्रीतम सिवाच के सानिध्य में हॉकी के गुर सीखे और अपने शानदार खेल प्रदर्शन से सबको हैरान किया। साल 2018 में महज 18 वर्ष की आयु में भारतीय महिला हॉकी टीम का हिस्सा बनीं। एफआईएच चैंपियंस चैलेंज के तहत ग्लासगो में पहला मैच खेलने वाली नेहा ने फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा।

15 साल पहले पिता छोड़ गए थे घर
वेस्ट रामनगर निवासी नेहा गोयल तीन बहनों में सबसे छोटी हैं। 15 साल पहले उनके पिता घर छोड़ गए थे, लेकिन उनकी मां सावित्री देवी ने बेटियों को हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। सावित्री ने मेहनत मजदूरी करते हुए तीनों बेटियों का पालन-पोषण किया। बेटी के सपने को पूरा करने के लिए मां ने घरों में बर्तन साफ किए और फैक्टरी में भी नौकरी की। नेहा ने मां के संघर्ष का फल अपनी सफलता के रूप में दिया।

यूं बढ़ता गया कारवां
नेहा ने 14 साल की उम्र में जूनियर नेशनल खेलने के बाद साल 2011 में जूनियर एशिया कप खेला। इसमें देश को कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसी साल अंडर-21 अंतरराष्ट्रीय लाल बहादुर शास्त्री कप में भी नेहा गोयल को जगह मिली और उसमें न्यूजीलैंड, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों को हराकर देश को चैंपियन बनाया। इस प्रतियोगिता में नेहा को बेस्ट प्लेयर के पुरस्कार से नवाजा गया। साल 2016 में साउथ एशियन गेम्स में देश को चैंपियन बनाने में नेहा गोयल का अहम योगदान रहा। नेहा फारवर्ड पॉजिशन पर खेलती हैं और वह सीनियर टेस्ट मैच, चैंपियन कप समेत अन्य चैंपियनशिप में देश के लिए खेल चुकी हैं। नेहा को खेल कोटे से रेलवे में नौकरी मिली है। वह रेलवे की ओर से खेलती हैं।

उपलब्धियां
साल 2018 में लंदन में हुए हॉकी विश्व कप में भी भारतीय टीम का हिस्सा बनीं और शुरुआती मैच में इंग्लैंड के खिलाफ गोल कर भारत को बढ़त दिलाई थी।
साल 2018 के एशियाई खेलों में रजत पदक जीता।
साल 2022 के एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता।
साल 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक विजेता बनी।
साल 2017 के एशिया कप में स्वर्ण पदक जीता।
साल 2022 के एशिया कप में कांस्य पदक अपने नाम किया।