Haryana News: हरियाणा में 14 साल के बच्चे के पेट में घुसा साइकिल का हैंडल, अस्पताल में उपचार के दौरान मौत  

हरियाणा के करनाल में एक लड़के के पेट में साइकिल का हैंडल घुस गया। परिजनों ने उपचार के लिए उसे अस्पताल पहुंचाया।
 

Haryana News: हरियाणा के करनाल में एक लड़के के पेट में साइकिल का हैंडल घुस गया। परिजनों ने उपचार के लिए उसे अस्पताल पहुंचाया। मगर इलाज के दौरान ही किशोर ने दम तोड़ दिया। मृतक युवक माता-पिता का इकलौता बेटा था।

जानकारी के मुताबिक कुंजपुरा के पास बाजिदपुर गांव में 14 वर्षीय भविष्य घर के बाहर साइकिल चला रहा था, तभी ये हादसा हो गया। वहीं इस पर मृतक युवक के मामा विक्रम शर्मा ने बताया कि उसकी बहन करनाल के कलंदरी गेट के पास रहती है।

लेकिन भांजा भविष्य शर्मा करीब डेढ़ साल से उसके पास रह रहा था। भविष्य मामा के घर से ही अपनी पढ़ाई कर रहा था। बीते सोमवार को करीब 10 बजे वह साइकिल पर घूमने के लिए घर से निकला, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद वह साइकिल से गिर गया। उसके रोने की आवाज सुनकर परिजन वहां पहुंचे। 

उन्होनें देखा साइकिल का हैंडिल बच्चे के पेट में घुसा था। इसके बाद उन्होनें उसके पेट से हैंडल को बाहर निकाला तो खून बहने लगा। वह उसे तुरंत कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज ले गए। मगर डॉक्टरों ने उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया। 


जब वह चंडीगढ़ के लिए निकलने लगे तो बच्चे की हालत ज्यादा बिगड़ने लगी। ये देख परिजनों ने उसे पास के ही एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया। लेकिन यहां पर इलाज के दौरान ही भविष्य की मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत से परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।