हरियाणा CM सैनी ने बांटे 30-30 गज के प्लॉट, रोहतक से बोले- सरकारी भर्ती में बोनस अंक कांग्रेस ने रुकवाए

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने बुधवार को रोहतक में मुख्यमंत्री शहरी योजना के तहत 15250 लोगों को 30-30 गज के प्लॉट बांटे।
 

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने बुधवार को रोहतक में मुख्यमंत्री शहरी योजना के तहत 15250 लोगों को 30-30 गज के प्लॉट बांटे। इस स्कीम के तहत 14 शहरों के लोगों को फायदा मिला है। इसके लिए उन्हें 6 महीने के अंदर 1 लाख रुपये जमा करने होंगे।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका घर हो, छोटा ही सही लेकिन अपना हो। इसके लिए सरकार शहरी आवास योजना की शुरुआत कर रही है। इस स्कीम के तहत 30-30 गज के प्लाट बांटे जाएंगे। इससे पहले गांव में लोगों को 100-100 गज के प्लाट दिए हैं और उनका कब्जा भी दिलाया है।

साथ ही सीएम ने अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि कोई ये न सोचे की बीजेपी सिर्फ 2 महीने की रह गई है। बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा पर निशान साधते हुए सैनी ने कहा कि सरकारी नौकरियों में 5 बोनस अंक रुकवाने के पीछे कांग्रेस की भर्ती रोके गैंग है। यह सरकार के फैसले के खिलाफ कोर्ट में गए थे। सरकार इसके लिए दोबारा सुप्रीम कोर्ट जाएगी। अगर जरूरत पड़ी तो कानून बनाया जाएगा।


बोले- गरीब परिवारों के बच्चे अधिकारी लगाए
सैनी ने कहा कि इसके बाद में खुद बताएंगे कि भाजपा ने साढ़े 9 साल के कार्यकाल में बिना पर्ची बिना खर्ची कितनी युवाओं को रोजगार दिया। गरीब परिवारों के बच्चे बिना पर्ची बिना खर्ची के बड़े अधिकारी भी लगाए हैं।

पूछा- हुड्‌डा बताएं कितने युवाओं को रोजगार दिया
नायब सिंह सैनी ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा को चैलेंज करते हुए कहा कि वे श्वेत पत्र जारी करके बताएं कि उन्होंने 10 साल में कितने युवाओं को रोजगार दिया था।


बोले- दोबारा सुप्रीम कोर्ट जाएंगे, नहीं कानून बनाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे दोबारा से सुप्रीम कोर्ट में जाएंगे। अगर वहां भी फैसला सरकार के पक्ष में नहीं आया तो गरीब लोगों को 5 अंक देने के लिए विधानसभा में कानून बनाएंगे।

बोले- कांग्रेस में सिर्फ बापू-बेटा रहेंगे
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस में बापू -बेटा लगे हुए हैं। कांग्रेस में और भी कई बड़े नेता थे, जिनका दम घुट रहा है। कई नेता भाजपा में आ चुके हैं और काफी नेता अभी आने वाले हैं। मैदान में बापू-बेटा ही रहेंगे।

कांग्रेस लोकसभा चुनाव में तीसरी बार भी 3 डिजिट के आंकड़े पर नहीं पहुंच पाई। लेकिन दर्शा रहे थे कि वे सरकार बनाने वाले हैं। आज भी हरियाणा में भाजपा का वोट प्रतिशत कांग्रेस से ज्यादा है।

बोले- गरीबों को 600 में सिलेंडर मिल रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब लोगों को 600 रुपए में गैस सिलेंडर मिल रहा है और आने वाले समय में भाजपा रीजनल दामों पर गैस सिलेंडर देने का काम करेगी।

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा लोगों को 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने की बात कहकर बरगला रहे हैं।

बोले- कांग्रेस का भर्ती रोको गैंग 5 बोनस अंक के खिलाफ कोर्ट गया
नायब सैनी ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के राज में नौकरी के लिए लोगों से रुपए ले लिए जाते थे, लेकिन जब लिस्ट लगती तो उनका कहीं पर भी नाम नहीं होता था। इसके बाद मनोहर सरकार ने गरीब परिवारों को नौकरी देने के लिए 5 अंक ग्रेस मार्क देने का निर्णय लिया। इससे भूपेंद्र सिंह हुड्डा व कांग्रेस का पेट खराब हो गया और वह कहने लगे कि यह गरीबों को पांच अंक क्यों दे रहे हैं।

इसके बाद कांग्रेस की भर्ती रोको गैंग सक्रिय हुई। भाजपा गरीब लोगों को लाभ देना चाहती थी, लेकिन कांग्रेस की भर्ती रोको गैंग ने कोर्ट का सहारा लिया और पांच अंकों के निर्णय पर रोक लगा दी। भाजपा सुप्रीम कोर्ट गई तो कांग्रेस का भर्ती रोको गैंग सुप्रीम कोर्ट गया। फैसला सरकार के खिलाफ आया।

कहा- हुड्‌डा ने लोगों को बरगलाया
नायब सैनी ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लोगों को बरगलाने का काम करते थे। हुड्डा कहते थे कि वह 24 घंटे बिजली देंगे, लेकिन वे 10 साल तक सत्ता में रहे, फिर भी तीन-चार घंटे ही लोगों को बिजली मिल पाती थी। आज भाजपा ने लोगों को 24 घंटे बिजली देने का काम किया।

सैनी ने आगे कहा कि इनेलो लोगों को कहती थी कि लोग बिजली बिल न भरें। सत्ता में आते ही बिजली मीटर को जोहड़ में फेंक देंगे। इस तरह लोगों को गलत रास्ता दिखाया, लेकिन भाजपा ने लोगों के लिए बेहतर काम किए।