करनाल में ऑफिस से नहीं लौटी 19 साल की युवती, घर से गहने और कैश भी गायब, जांच में जुटी पुलिस

 

Karnal Updates: करनाल के घरौंडा थाना से एक युवती के संदिग्ध हालात में लापता होने का मामला सामने आया है। युवती लिबर्टी घरौंडा में काम करती थी। वह घर से लाखों रुपए के सोने चांदी के गहने व 10 हजार रुपए की नकदी भी लेकर गई है।

19 साल है युवती की उम्र

परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा, तो शिकायत पुलिस को की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लापता युवती की उम्र 19 साल है। उसकी मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसके पास एक लड़का व दो लड़की हैं। उसकी सबसे छोटी लड़की घरौंडा की लिबर्टी में काम करती थी। 9 फरवरी को सुबह 8.40 बजे वह हर रोज की तरह काम के लिए घर से निकली थी। वह शाम को साढ़े 6 बजे घर आ जाया करती थी, लेकिन वह देर रात तक भी नहीं लौटी। उन्होंने अपनी बेटी की तलाश की लेकिन वह नहीं मिली।

घर से गायब नकदी और गहने

शिकायतकर्ता ने बताया कि जब घर की अलमारी की चेकिंग की गई तो उसके अंदर रखी 10 हजार रुपए की नकदी व 7-8 तोले सोने व चांदी के गहने गायब मिले। रिश्तेदारियों में भी युवती की तलाश की गई थी। लेकिन कोई भी सुराग नहीं लग पाया। जिसके बाद पुलिस को शिकायत की।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घरौंडा थाना के जांच अधिकारी रमेश चंद ने बताया कि युवती के लापता होने की शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।