महिला के चेहरे में घुसा रह गया चाकू, बदमाश छोड़कर भागा
 

 

दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां पर एक आरोपी ने घर में आराम कर रही महिला पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू इतनी जोर से मारा की चाकू वापस नहीं निकला और चेहरे में ही फंस गया। घटना के बाद महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

जानकारी के मुताबिक गाजियाबाद के लिंक रोड क्षेत्र की यह घटना है। यहां के महाराजपुर इलाके में पीड़ित महिला शहनाज अपने परिवार के साथ रहती है। शहनाज अपने घर में खाना बनाने के बाद आराम कर रही थी और दरवाजा खुला था, तभी बदमाश ने आकर चाकू से हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि बदमाश ने कमरे में घुसते ही चाकू से इतना तेजी से हमला किया कि चाकू चेहरे पर घुसा रह गया। इसके बाद आरोपी चाकू को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। महिला को बाइक पर ही अस्पताल लेकर पहुंचे।

यह घटना गुरुवार शाम करीब चार बजे की है। शहनाज ने खाना बनाया था और उसके बाद वह अपने कमरे में रेस्ट कर रही थी, तभी बदमाश ने अचानक आकर हमला बोल दिया। 

चाकू शहनाज के चेहरे पर चला और आंख से थोड़ा सा साइड में होने के चलते आंख बच गई, लेकिन चाकू से इतना जोर से हमला किया था कि चाकू चेहरे पर ही फंस गया, हालांकि शहनाज ने बदमाश के पीछे भागकर देखा लेकिन वह देख नहीं पाई।

इसके बाद शहनाज ने गली में आकर शोर मचाया और मदद मांगी जिसके बाद तुरंत ही किसी ने बाइक पर शहनाज को अस्पताल में पहुंचाया। घटना के बाद शहनाज को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

शहनाज के पति असलम ने बताया कि वह अपाहिज है और ई रिक्शा चलाता है। जिस वक्त हमला हुआ उस वक्त वह घर पर नहीं था और पड़ोसियों ने उसे जानकारी दी। असलम ने बताया कि उनके दो बच्चे हैं। अब शहनाज का इलाज प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है, वहां पर 25 हजार की फीस मांगी है, लेकिन इतनी फीस के पैसे उनके पास नहीं है।